डोईवाला। राजकीय इण्टर कालेज बुल्लावाला का विवादों से जैसे गहरा नाता बन गया है। ये कालेज अपनी लचर व्यवस्था के चलते जब-तब सुर्खियों में बना रहता है। ताजा मामला गणतंत्र दिवस के दिन स्कूली बच्चों को ठंड में तीन घण्टे तक जमीन में बिठाने का आया है।

मिली जानकारी के मुताबिक राजकीय इंटर कॉलेज बुल्ला वाला में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में छात्र छात्राओं को सर्दी के मौसम में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक बिना दरी के जमीन पर वैठाये रखा। इसको लेकर स्कूल के कुछ छात्र छात्राओं ने प्रधानाचार्य से नाराजगी भी जताई। किन्तु आरोप है कि प्रधानाचार्य ने छात्रों की शिकायत को अनसुना कर उन्हें डरा धमका कर जमीन में बैठने के लिए मजबूर किया।
26 जनवरी 2021 को क्षेत्र में जहां घना कोहरा था ऐसे में प्रधानाचार्य द्वारा छात्र छात्राओं को ठंड में बिठाए रखना किसी उत्पीड़न से कम नहीं है। कार्यक्रम चलता रहा और छात्र छात्राएं ठंड से परेशान बैठे रहे। अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों से प्रधानाचार्य के खिलाफ ठंड के मौसम में बच्चों को तीन घण्टे जमीन पर वैठाये रखने की जांच कर कार्यवाही की मांग की है।
