सहिया। शनिवार को सरदार महिपाल राजेंद्र स्नातक महाविद्यालय साहिया में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्यपरिषद की तीसरी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कोविड-19 से उत्पन्न देशव्यापी लॉकडाउन के कारण छात्र-छात्राओं के बाधित शिक्षण कार्यों को पुनः नियमित करने के लिए एक फरवरी, 2021 से महाविद्यालय खोलने का फैसला लिया गया।
बैठक में छात्र-छात्राओं के बौद्धिक विकास व शैक्षणिक क्रियाकलापों को बढ़ावा देने के लिए 28 प्रस्ताव रखे गए। विचार विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को आम सहमति से पारित कर दिया गया। जिसमें मुख्य रूप से छात्र-छात्राओं को क्वालिटी एजुकेशन देने पर जोर दिया गया। महाविद्यालय शैक्षणिक कैलेंडर 2021 में बदलाव करते हुए अतिरिक्त शैक्षणिक क्रियाकलापों के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम जिसमें मुख्य रुप से तात्कालिक भाषण, वाद-विवाद, लेखन, काव्य पाठ, पोस्टर, नृत्य संगीत, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आदि आयोजित करने का निर्णय लिया गया। छात्र-छात्राओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने कहा कि छात्र छात्राओं में प्रतियोगी परीक्षाओं की अभिरुचि उन्नयन हेतु महाविद्यालय द्वारा प्रायोजित देवभूमि संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2021 दिसंबर माह में चकराता व कालसी ब्लॉक के सभी राजकीय इंटर कॉलेजों के साथ-साथ राजकीय महाविद्यालय त्यूणी, चकराता व एसएमआर डिग्री कॉलेज साहिया में आयोजित की जाएगी।
सलाहकार निदेशक शक्ति सिंह बर्तवाल ने कहा कि वर्तमान सत्र में छात्र छात्राओं के लिए निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। कंप्यूटर प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों को संस्था द्वारा प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। प्राचार्य डा० रेनू गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय में नए सत्र से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
बैठक में ग्लोबल शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष महिपाल सिंह तोमर, सहायक प्राध्यापक दीपक बहुगुणा एवं जसपाल सिंह चैहान, शिक्षणेत्तर कर्मचारी कमल सिंह नेगी, सुनील दत्त शर्मा, गम्भीर सिंह चैहान, सुरेश चैहान, रीता तोमर, प्रियंका तोमर छात्र परिषद के निवर्तमान पदाधिकारी निकिता, सुरेश चैहान व रीतिका चैहान के साथ-साथ प्रबंध समिति द्वारा नामित छात्र-छात्रा प्रतिनिधि के तौर पर रितेश चैहान, सुनीता, करिश्मा व रेनू तोमर उपस्थित रहे।
