भिकियासैंण। सल्ट उपचुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दोनों पार्टी के दिग्गजों ने नामांकन के दौरान उपस्थिति दर्ज कर जीत का दावा किया। कांग्रेस की ओर पार्टी प्रत्याशी के तौर पर गंगा पंचोली ने नामांकन पत्र दाखिल किया वहीं भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर महेश जीना ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

सल्ट चुनाव दोनों पार्टियों के लिए नाक का प्रश्न हो गया है। एक तरफ प्रदेश कांग्रेस के सामने अपनी खोई साख को बचाने की चुनौती हैं वहीं सत्तारूढ भाजपा के सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती है। जानकारों की माने तो सल्ट उपचुनाव आगामी विधानसभा 2022 के लिए भी दशा और दिशा तय करेगा। भाजपा के साथ-साथ यह चुनाव मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए भी बड़ी चुनौती है। उनकी ताजपोशी के बाद प्रदेश में यह पहला उपचुनाव है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पार्टी लोकसभा चुनाव से लेकर सभी उपचुनाव में जीत का परचम लहरा चुकी हैं।

चुनाव के दौरान आरोप-प्रत्यारोपों का दौर होना लाजिमी हैं। नामांकन के दौरान कांग्रेस की प्रत्याशी गंगा पंचोली ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान बताते हैं कि मातृशक्ति का वे कितना सम्मान करते हैं। गंगा पंचोली ने कहा कि भाजपा के राज में सल्ट क्षेत्र की खेतीबाड़ी चैपट हो चुकी हैं।
वहीं भाजपा के प्रत्याशी महेश जीना ने दावा किया कि भाजपा ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में रिकार्ड विकास कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि वे रिकार्ड मतों से सल्ट का चुनाव जीतेंगे।
