टिहरी। टिहरी जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ सुरकंडा मंदिर के लिए अब श्रद्धालुओं को खड़ी चढ़ाई नहीं चढ़नी पड़ेगी। श्रद्धालुओं के मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे की शुरुआत हो चुकी है। इसके लिए श्रद्धालुओं को 177 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। रोपवे से श्रद्धालुओं का करीब डेढ़ से 2 घंटे का सफर बचेगा। रोपवे शुरू होने के बाद अब सिर्फ 10 से 20 मिनट में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
टिहरी के कद्दूखाल क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी के दर्शन को रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुरकंडा देवी मंदिर समुद्र तल से 2,750 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। कद्दूखाल से मंदिर परिसर तक करीब डेढ़ किमी की खड़ी चढ़ाई है, जिसे चढ़ने में करीब डेढ़ से दो घंटे लग जाता है। परंतु अब रोपवे शुरू होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को डेढ़ किलोमीटर खड़ी चढ़ाई नहीं चढ़नी होगी।
कद्दूखाल से सुरकंडा देवी मंदिर परिसर तक करीब 600 मीटर का रोपवे तैयार किया गया है। सुरकंडा रोपवे प्रोजेक्ट में 6 टावर के सहारे 16 ट्रॉलियों का संचालन हो रहा है। प्रत्येक ट्राली में 4 यात्रियों के बैठने की अनुमति होगी। रोपवे से आने-जाने का किराया 177 रुपये रखा गया है। पहले दिन 240 श्रद्धालु रोपवे से मां सुरकंडा मंदिर तक पहुंचे।
