देहरादून। ऋषिकेश क्षेत्र के स्कूलों में अगले दो शनिवार बंद रहेंगे। उत्तराखंड शिक्षा विभाग ने चारधाम यात्रा के चलते ये फैसला लिया है। शिक्षा विभाग ने ऋषिकेश क्षेत्र में अगले दो शनिवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित करने का आदेश जारी कर दिया है। चारधाम यात्रा के चलते वीकेंड पर ऋषिकेश में भारी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। इससे स्कूली बच्चों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए विभाग की तरफ से आगामी दो शनिवार यहां स्कूलों को बंद रखने के आदेश हुए हैं।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है। जिसका मुख्य मार्ग ऋषिकेश क्षेत्र से होकर जाता है। तीर्थ यात्रियों की संख्या और उनके आवागमन हेतु वाहनों से क्षेत्र में यातायात पर बहुत दबाव बना रहा है। खासकर शनिवार के दिन भारी संख्या में यात्री ऋषिकेश पहुंचते हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों को आवगमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।स्कूली वाहन भी घंटों सड़क पर फंसे रहते हैं। साथ ही दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता है। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने ऋषिकेश क्षेत्र में आगामी दो शनिवार यानि 14 और 21 मई को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किये हैं।
