बकरी चरा रही महिला पर गुलदार ने किया हमला

बकरी चरा रही महिला पर गुलदार ने किया हमला

कोटद्वार। पौड़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बकरी चरा रही एक महिला को गुलदार (तेंदुआ) ने अपना शिकार बनाया है। महिला की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला के शरीर में गहरे जख्म मिले हैं। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

बता दें कि पूरा मामला द्वारीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव का है। जहां लता देवी अपने घर के पास खेत में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े। लेकिन तब तक गुलदार महिला को मौत के घाट उतारकर फरार हो चुका था। महिला के शरीर पर गहरे जख्म मिले।

घटना के बाद मामले की जानकारी प्रशासन और वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही डीएफओ और दुगड्डा के रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने गुलदार के हमले की पुष्टि की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में वनकर्मियों की तैनाती की जा रही है। घटना के बाद आसपास के कई गावों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *