पौड़ी गढ़वाल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पौड़ी जिले में जिला पंचायत सदस्य पद को लेकर 38 निर्वाचन क्षेत्र में से नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होने तक पांच उम्मीदवारों के नाम नामांकन पत्र निरस्त हो जाने से 176 उम्मीदवार मैदान में थे, इसके बाद नाम वापसी के पहले दिन 6 उम्मीदवारों द्वारा अपने नाम वापस ले लिए गए।
वहीं नाम वापसी के आखिरी दिन सात उम्मीदवारों ने मैदान छोड़ दिया। शुक्रवार को जानकारी देते हुए जिला पंचायत सदस्य पद के आर.ओ एवं मुख्य कृषि अधिकारी डॉ वीके यादव ने बताया कि नाम वापसी की आखिरी दिन तक तेरह उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लिए गए। बताया कि अब जनपद में 38 जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों से 163 लोग मैदान में हैं। जिसमें 71 महिलाएं और 92 पुरुष प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। बताया कि पूरी नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया और नाम वापसी के बाद भी किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में निर्विरोध निर्वाचन नहीं हुआ है।
