सी.आर.पी.एफ में कार्यरत देहरादून के श्री सोहन सिंह रावत, सहायक कमाण्डेंट को सी.आर.पी.एफ. के महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया है । डिब्रूगढ़, असम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में श्री प्रभाकर त्रिपाठी, डी.आई.जी, सी.आर.पी.एफ द्वारा उन्हें महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया । उन्हें यह सम्मान लगातार 600 कि0मी0 एन्ड्यूरेन्स साईकिलिंग अभियान पूर्ण करने पर प्रदान किया गया है । श्री सोहन सिंह रावत ने 600 कि0मी0 साईकिलिंग के अतिरिक्त 200, 300 एवं 400 कि0मी0 लगातार साईकिलिंग करने पर साईकिलिंग का प्रतिष्ठित “सुपर रेंडोनियर” का खिताब भी हासिल किया है ।
57 वर्षीय श्री सोहन सिंह रावत, ग्राम-चमाली, चौंदकोट, जिला-पौड़ी गढ़वाल के मूल निवासी हैं । इन्होंने साईकिल से उत्तराखण्ड के चार धाम पंच केदार, बूढ़ा केदार, माता के सिद्ध शक्ति पीठ, दयारा बुग्याल, हनोल इत्यादि की कठिन यात्राएं सम्पूर्ण की हैं । वे वर्ष 2019 से अब तक कुल 1,37,000 कि0मी0 से भी अधिक की साईकिल यात्राएं पूर्ण कर चुके हैं ।
