देहरादून: उत्तराखंड वन विभाग में बहुप्रतीक्षित भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी गई है. खास बात ये है कि इसमें वन मुख्यालय से लेकर फील्ड स्तर पर डीएफओ (DFO) के भी बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं. जानिए सूची में किसको क्या मिली जिम्मेदारी?
दरअसल, उत्तराखंड में सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक के बाद अधिकारियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और अब जाकर मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद तबादला सूची जारी कर दी गई है. भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की यह तबादला सूची इसलिए भी अहम है. क्योंकि, इसमें वन मुख्यालय से लेकर फील्ड के अधिकारियों की भी जिम्मेदारी में बदलाव हुआ है.
इन अधिकारियों के हुए तबादले: तबादला सूची पर गौर करें तो प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल से कैंपा की जिम्मेदारी वापस ली गई है. प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) नीना ग्रेवाल को प्रमुख वन संरक्षक वन्य जीव के अलावा प्रबंध निदेशक वन विकास निगम की अतिरिक्त जिम्मेदारी को बनाए रखा गया है.
एसपीसीसीएफ (APCCF) बीके गांगटे को कैंपा की जिम्मेदारी दी गई है. साथ ही उन्हें वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण की भी जिम्मेदारी मिली है. सुरेंद्र मेहरा को नियोजन के साथ सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है. सीसीएफ (CCF) पराग मधुकर से वन पंचायत की जिम्मेदारी हटाई गई. उनकी जगह सुशांत कुमार पटनायक को वन पंचायत का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
सीएफ (CF) चंद्रशेखर सनवाल को वन संरक्षक नोडल कार्यालय की जिम्मेदारी मिली है. नीतू लक्ष्मी से यमुना वृत्त की जिम्मेदारी हटाते हुए अपर सचिव वन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, कल्याणी को अब फिर से यमुना वृत्त भेजा गया है.
डीएफओ स्तर पर भी बदलाव: डीएफओ स्तर पर भी बदलाव हुए हैं. जिसमें मसूरी के डीएफओ अमित कंवर को चकराता प्रभाग दिया गया है. वैभव कुमार सिंह को देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है. देहरादून के डीएफओ नीरज कुमार को वन विकास निगम भेजा गया है. हिमांशु बागड़ी को टिहरी की जिम्मेदारी मिली है.
वहीं, दीपक सिंह को तराई पूर्वी भेजा गया है. आशुतोष सिंह को टोंस फॉरेस्ट डिवीजन मिला है. पुनीत तोमर को तराई पश्चिमी डिवीजन दिया गया है. जीवन मोहन को उत्तरकाशी भेजने का फैसला लिया गया है. इसी तरह अभिमन्यु को अल्मोड़ा की जिम्मेदारी मिली है. आदित्य रत्न को पिथौरागढ़ भेजा गया है. जबकि, रजत सुमन को केदारनाथ फॉरेस्ट डिवीजन दिया गया है.
इसके अलावा प्रणाली रमेश को बदरीनाथ फॉरेस्ट डिवीजन की जिम्मेदारी मिली है. प्रकाश चंद्र आर्य को अब बागेश्वर भेजा गया है. जबकि, देवी प्रसाद बलूनी को मसूरी लाया गया है. वहीं, विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, गौरव वर्मा को लैंसडाउन और यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क भेजा गया है.
