देहरादून। रायपुर-कद्दखाल मोटर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन यमदूत बने दौड़ रहे हैं। ऐसा मालूम होता है मानो वाहन की शक्ल में यमदूत यहां प्राण हरने को ही आये हो। इस मोटर मार्ग पर तेज रफ्तार के चलते हादसे हो चुके हैं। बीते चार मई को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने इस सड़क पर कई व्यक्तियों को टक्कर मार दी जिसमें एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। लेकिन जिम्मेदार महकमा इसकी सुध लेने को तैयार नहीं हैं।
प्रधान संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूरत सिंह नेगी ने बढ़ते हादसों के चलते जिलाधिकारी से इस मोटर मार्ग पर स्पीट लिमिट तय करने की गुजारिश की है। उन्होंने कहा कि इस मोटर मार्ग पर रायपुर केशरवाला के बीच सड़क सीधी है, यहां से गुजरने वाले वाहन चालक बेतरतीब स्पीड में वाहनों को दौड़ते हैं। यहां पास मे चौक के पास स्कूली बच्चे भी सड़क पार करते हैं। जिससे यहां पर हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहा है। उन्होंने कहा किसी भी अनहोनी से बचने के लिए यहां केशरवाला चौक पर बेरिकेटिंग या स्पीड ब्रेकर लगाने की जरूरत है।
सूरत सिंह नेगी ने कहा कि यही हाल मालदेवता और रायपुर के बीच का भी है जहां स्पीड लिमिट तय ना होने के चलते वाहन चालक बेखौफ हो कर गाड़ियां दौड़ते हैं। पुलिस भी इन तेज रफ्तार से दौड़ती गाड़ियों का चालान नहीं कर पाती। उन्होंने अब जिलाधिकारी से इस मोटर मार्ग पर बेरिकेटिंग और स्पीड लिमिट तय करने की मांग की है

