मातम में बदली नौकरी लगने की खुशी, डीएवी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मातम में बदली नौकरी लगने की खुशी, डीएवी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। दीवार गिरने से युवती की मौत के मामले में पुलिस ने डीएवी कालेज प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। पुलिस ने युवती के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। बीते दिन देर शासन डीएवी कॉलेज की बाहरी दीवार के गिरने से एक युवती की मौत हो गई थी जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था।

दीवार गिरने से हुई लड़की की मौत पर एनआईसीयू, आर्यन व एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने देर रात डीएवी कॉलेज में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय और मुख्य गेट के आगे नारेबाजी करते हुए प्राचार्य से इस्तीफे की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालेज प्रशासन ने शुक्रवार को कॉलेज बंद रखा।

छात्र संगठनों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन इस घटना के लिए जिम्मेदार है। छात्रों ने कहा, करीब डेढ़ महीने पहले ही कॉलेज प्रशासन को दीवार की हालत के बारे में बताया गया था। दीवार हादसे का कारण न बने इसके लिए छात्र समय रहते उसकी मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। लेकिन कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की मांगों को अनदेखा करने का काम किया।

छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा, इस संबंध में संबंधित शिक्षकों व अधिकरियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई या प्राचार्य की ओर से इस्तीफा नहीं दिया गया तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

प्राचार्य डॉ० केआर जैन ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज की ओर से लगातार बांउड्री वॉल को नुकसान पहुंचा रहे पेड़ को हटाने के लिए वन विभाग से छह महीने से लिखित अनुरोध किया जा रहा है। लेकिन विभाग ने निरीक्षण करने के बाद भी उचित कार्रवाई अभी तक नहीं की। जिस कारण वहां काम नहीं हो पाता।

ये है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक सुष्मिता तोमर पुरोला डिग्री कॉलेज में कनिष्क सहायक के पद पर कार्यरत थी। हाल ही में उसकी नौकरी लगी थी। उसका भाई रघुवीर तोमर देहरादून में डीएवी में पढ़ता है। करनपुर क्षेत्र में ही कमरा लेकर रह रहा है। सुष्मिता अपने भाई के यहां आई हुई थी। रात करीब साढ़े आठ बजे के करीब भाई-बहन करनपुर घूमने आए थे। पैदल अपने कमरे की तरफ जा रहे थे तभी डीएवी कॉलेज की बैक वाली दीवार भरभरा कर गिर गई। दोनों इसकी चपेट में आ गए।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने सुष्मिता को मृत घोषित कर दिया। रघुवीर तोमर का इलाज चल रहा है। वह भी गंभीर रूप से घायल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *