देहरादून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रायपुर के क्षेत्रांतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक एवं किलकारी-मोबाइल अकादमी कार्यक्रम हेतु संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ० निधि रावत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रायपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ० प्रताप सिंह रावत द्वारा रायपुर के क्षेत्रांतर्गत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप-स्वास्थ्य केन्द्रों से मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधित सूचकांकों की जानकारी ली गई एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की गयी।
डॉ० प्रताप सिंह रावत ने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं आम जनमानस को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु सतत् कार्यवाही करने की आवश्यकता है। डॉ० निधि रावत ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं के शीघ्र चिन्हिकरण, पंजीकरण एवं एवएनवसीव विजिट के महत्व व लाभों की जानकारी दी। डॉ० निधि ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के बारे में जागरूक किया।
किलकारी-मोबाइल अकादमी कार्यक्रम से संबंधित संवेदीकरण करते हुए डॉ० अखिलेश त्रिपाठी, राज्य कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा किलकारी-मोबाइल अकादमी कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। किलकारी कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं/माताओं के मोबाइल पर 0124-4451660 से दूरभाष-काल के माध्यम से गर्भावस्था एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संबंधित निःशुल्क जानकारी साप्ताहिक रूप से प्रदान की जाती है, जिसमें गर्भावस्था के द्वितीय चरण से शिशु के 1 वर्ष की उम्र तक कुल 72 फोन काल-1 काल प्रति सप्ताह लाभार्थी को आते हैं। डॉ० अखिलेश ने बताया गया कि मोबाइल अकादमी कार्यक्रम के अन्तर्गत आशा कार्यकर्ताओं की क्षमता विकास हेतु प्रशिक्षण किया जाता है ताकि वे लाभार्थियों को गर्भावस्था एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संबंधित जानकारी दे सकें।
बैठक में रायपुर क्षेत्र की समस्त एएनएम, आशा फैसिलिटैटर, हेल्थ विजिटर, ब्लॉक समन्वयक एवं विमल मौर्य, जिला डाटा मैनेजर- एनएचएम, श्री उमेश सिर्सवाल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।

