देहरादून। रविवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में इंडिया गठबंधन एवं सिविल सोसाइटी की अहम बैठक हुई। बैठक में विधानसभा उपचुनाव को लेकर गठबंधन के दलों ने एकजुटता दिखाई। इण्डिया गठबंधन ने कहा कि लोकसभा चुनावों में गठबंधन ने बेहतर प्रदर्शन किया है। गठबंधन के सभी दलों ने एकजुटता दिखाते हुए बदरीनाथ और मंगलौर उपचुनाव में इंडिया गठबन्धन के प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प भी लिया है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमने संयुक्त रूप से काफी अच्छा प्रदर्शन किया। बद्रीनाथ एवं मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में भी हम एकजुटता के साथ चुनाव लड़कर भाजपा की विघटनकारी नीतियों के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे।
सीपीआई एलएल के प्रदेश सचिव इन्द्रेश मैखुरी ने कहा कि बद्रीनाथ एवं मंगलौर विधानसभा चुनाव मे ंहम एकबार फिर गठबन्धन धर्म का पालन करते हुए दोनों प्रत्याशियों की विजय के लिए भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता हमारे साथ है तथा हमें चुनाव प्रचार में बूथ स्तर तक घर-घर पहुंचकर प्रचार में जुटना होगा।
इंसानियत मंच के रवि चोपड़ा ने कहा कि हमें भाजपा के इस कुचक्र से सावधान रहना है तथा भाजपा की जन विरोधी, गरीब विरोधी, बेरोजगार नौजवान विराधी नीतियों को जनता तक पहुंचाना है।
भारत जोड़ो अभियान के उत्तराखण्ड संयोजक भुवन पाठक ने कहा कि हम लोकसभा में मिले जनादेश का स्वागत करते हैं देश की जनता ने एक मजबूत विपक्ष दिया है जो जनता की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लडेगा।
सीपीआई के नेशनल काउंसिल मेंम्बर समर भण्डारी ने कहा कि हमारा लक्ष्य एकजुटता के साथ उपचुनाव में भाजपा को हराना है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में सीपीआई का अच्छा प्रभाव है तथा हमारे सभी कार्यकर्ता गठबन्धन के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए काम करेंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ0 एस.एन. सचान ने कहा कि लोकसभा चुनाव मे हम उत्तराखण्ड राज्य में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कामयाब नहीं हो पाये इसका हमें मलाल है परन्तु विधानसभा उपचुनाव में हम जनता के आशीर्वाद से जरूर कामयाब होंगे तथा दोनों विधानसभा क्षेत्रों में इंडिया गठबन्धन के प्रत्याशी भारी बहुमत से विजयी होंगे जिसके लिए हमें संयुक्त रूप से जमीनी स्तर पर प्रयास करने होंगे।
महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बिष्ट ने कहा कि हमें इंडिया गठबन्धन, सिविल सोसाइटी तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय करना होगा जिससे हमें उपचुनाव में अपेक्षापूर्ण परिणाम हांसिल होंगे।
बैठक को किसान सभा के सुरेन्द्र सजवाण, कांग्रेस महामंत्री आनन्द रावत, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ समाज सेवी त्रिलोचन भट्ट, भारत जोड़ो अभियान की नन्दिनी आर्य एवं चेतना आन्दोलन के शंकर गोपाल ने भी अपने विचार व्यक्त किये। बैठक मे निर्णय लिया गया कि नन्दिनी आर्य उपचुनाव में गठबन्धन एवं सिविल सोइटी की सोशल मीडिया इंचार्ज होंगी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गठबन्धन की अगली बैठक 29 जून को मंगलौर में तथा 1 जुलाई को गोपेश्वर में आयोजित की जायेगी।

