रुड़की: हरिद्वार जिले के भगवानपुर में स्थित एक फैक्ट्री पर वन विभाग देहरादून की छापेमारी से हड़कंप मच गया. छापेमारी के दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में तारपीन का तेल और बिरोजा बरामद हुआ है. बताया गया है कि चीड़ की लकड़ी से निकलने वाले लीसे से यहां पर तारपीन का तेल और बिरोजा तैयार किया जा रहा था. फिलहाल टीम ने फैक्ट्री में मौजूद तैयार माल को सील कर दिया है.
दरअसल, रुड़की रेंज के भगवानपुर कस्बा क्षेत्र के रुहालकी दयालपुर गांव में वन विभाग की टीम ने एक फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तैयार तारपीन का तेल और बिरोजा बरामद किया है. बताया जा रहा है कि चीड़ की लकड़ी से निकलने वाले लीसे से यहां तारपीन का तेल और बिरोजा तैयार किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में न तो मैनेजर मिला और न ही कंपनी का स्वामी मौके पर मौजूद था. टीम को मौके पर चार कर्मचारी मिले, जिनसे फैक्ट्री में मौजूद माल और उत्पादन से संबंधित लेखा-जोखा मांगा गया. लेकिन कर्मचारी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके. इसके बाद वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री में मौजूद तैयार माल को सील कर दिया.
