किच्छा पालिका चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, राजेश प्रताप सिंह ने 6200 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत

किच्छा नगर पालिका चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है.

रुद्रपुर: जिले की किच्छा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत दर्ज की है. चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू को 6200 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी. हालांकि, खबर तैयार किए जाने तक निर्वाचन प्रक्रिया की ओर से आधिकारिक घोषणा की प्रक्रिया पूरी होना बाकी थी.

किच्छा नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई. मतगणना के दौरान चार राउंड में वोटों की गिनती की गई. जैसे-जैसे राउंडवार परिणाम सामने आते गए, कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह की बढ़त मजबूत होती गई. चौथे राउंड के अंतिम आंकड़ों के बाद उनकी जीत स्पष्ट हो गई. परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.

जीत के बाद मतगणना स्थल से बाहर आए नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने अपनी जीत का श्रेय किच्छा की जनता को दिया. उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र की जनता की जीत है. उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी.

राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनका प्रयास किच्छा को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने का रहेगा। शपथ लेने के बाद नगर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान और नगर के विकास को गति देने का भरोसा भी दिलाया.

-राजेश प्रताप सिंह, नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष, किच्छा-

राजेश प्रताप सिंह ने अपनी जीत में किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की भूमिका का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ ने चुनाव के दौरान पूरी तरह समर्पित होकर कार्य किया और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे. ऐसे में उन्होंने इस जीत को किच्छा की जनता के साथ-साथ विधायक तिलक राज बेहड़ की भी जीत बताया.

तीसरे और चौथे राउंड की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है. चुनाव में जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए जनता के आभारी हैं. चुनाव का जो भी परिणाम होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा.

-संदीप अरोड़ा उर्फ सोनू, भाजपा प्रत्याशी, किच्छा

किच्छा पालिका के 20 वार्डों में विजयी प्रत्याशी

अध्यक्ष पद के साथ ही किच्छा नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के परिणाम भी सामने आए. विजयी प्रत्याशियों में कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं.

  • चंदन पांडे-निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित
  • निर्मला देवी-भाजपा
  • दलकशा-कांग्रेस
  • राजकुमार कोली-भाजपा
  • श्याम बिष्ट-भाजपा
  • शिल्पी चौबे-भाजपा
  • हसीब-कांग्रेस
  • राजकुमार कोली-भाजपा
  • अयोध्या देवी-भाजपा
  • निशा-कांग्रेस
  • मुरली यादव-निर्दलीय
  • दिव्यांशु अग्रवाल-निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित
  • गुलशन सिंधी-कांग्रेस
  • मन्तशा-कांग्रेस
  • शबा-कांग्रेस
  • निदा-निर्दलीय, कांग्रेस समर्थित
  • अलीना मलिक-कांग्रेस
  • मो. आरिफ-कांग्रेस
  • विशाल शर्मा-निर्दलीय
  • गुरप्रीत सिंह-कांग्रेस

वार्ड स्तर के इन परिणामों में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बाजी मारी है. अध्यक्ष पद पर राजेश प्रताप सिंह की जीत के बाद अब किच्छा नगर पालिका में नई बोर्ड की तस्वीर भी सामने आ गई है. कुल मिलाकर किच्छा नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की बड़ी जीत ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा को जन्म दिया है. अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने नगर की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों को गति देने और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *