प्रेस विज्ञप्ति
पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर 2026। पंचायती राज विभाग, उत्तराखंड के सौजन्य से विकासखंड परिसर, पाबो में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन–2026 के अंतर्गत एक दिवसीय विकासखंड स्तरीय क्षमता विकास एवं अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रिपब्लिक फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मातबर सिंह रावत पूर्व मंत्री उत्तराखंड सरकार की उपस्थिति में पंचायत प्रतिनिधियों को ग्रामीण विकास, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), सरकारी योजनाओं के अभिसरण और आजीविका संवर्धन से संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री दीपक बहुगुणा एवं सचिन बारी जी द्वारा गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका की अवधारणा पर विशेष जोर दिया गया। कृषि एवं बागवानी, मंडुवा-झंगोरा जैसे स्थानीय अनाज, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, जड़ी-बूटियों, स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण एवं विपणन तथा होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन के साथ-साथ ऐपल मिशन,कीवी मिशन,ड्रैगनफ़ूड एवं अवाकाडो जैसी फसलों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं बाजार तक पहुंच बढ़ाने तथा ग्राम सभा की सहभागिता से गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने के महत्व को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना एवं REAP–ग्रामोत्थान परियोजना जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने पर भी जानकारी दी गई।
सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता का विकास करते हुए गांवों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा पलायन की चुनौती को कम करने की दिशा में स्थानीय स्तर पर प्रभावी प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
आयोजक: रिपब्लिक फाउंडेशन सोसाइटी
सौजन्य: पंचायती राज विभाग, उत्तराखंड
स्थान: विकासखंड परिसर,पाबो , पौड़ी गढ़वाल
दिनांक: 10, अक्टूबर 2026
