बदरीनाथ हाईवे पर दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर, आठ लोग घायल

लामबगड़ के पास पिकअप और कार के बीच हुआ हादसा, चार घायलों की हालत गंभीर; बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ भेजा

चमोली। चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई। लामबगड़ के समीप पिकअप वाहन और राजस्थान नंबर की कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ, जब दोनों वाहन लामबगड़ के पास से गुजर रहे थे। अचानक हुई आमने-सामने की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहनों में सवार लोग घायल होकर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी और बचाव कार्य में सहयोग किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और नजदीकी जेपी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कराया गया था। फिलहाल हादसे के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस टीम दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

उत्तरकाशी हादसे के बाद फिर सड़क दुर्घटना

प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। इससे पहले उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई थी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू किया गया था। वाहन में गुजरात के यात्री सवार थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित सफर को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *