उपशीर्षक: ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा घाटों पर शुरू हुआ स्नान का सिलसिला, पूजा-अर्चना और दीपदान कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात की कमान।
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हरकी पैड़ी सहित शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह तड़के से ही आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई दिया। ब्रह्म मुहूर्त में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारे गूंजते रहे। देश के अलग-अलग हिस्सों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा।
दो सुपर जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हरकी पैड़ी, आसपास के घाटों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि स्नान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान का विशेष महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, कार्तिक मास की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इस दिन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था, जबकि भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचार से मुक्ति दिलाई थी। धार्मिक परंपरा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करने के साथ दीपदान और दान-पुण्य करना शुभ माना जाता है। इस दिन गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान करने की भी परंपरा है। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था में भी किया गया बदलाव
स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए हरिद्वार में विशेष यातायात योजना लागू की गई है। शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। वहीं, हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे दिन घाटों और प्रमुख मार्गों पर मुस्तैद रहेंगी। कार्तिक पूर्णिमा के चलते हरकी पैड़ी समेत हरिद्वार के तमाम गंगा घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की संभावना है।
