पौड़ी। जिला अस्पताल पौड़ी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सोमवार से इस अस्पताल में पीपीपी मोड के तहत श्री महंत इंदरेश अस्पताल ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। पौड़ी कलस्टर के अस्पताल सीएचसी पाबौ और घंडियाल को भी महंत इंदरेश अस्पताल देहरादून संचालित करेगा। पौड़ी कलस्टर के जिला अस्पताल पीपीपी मोड में हस्तांतरित होने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति मिलेगी।
जिला अस्पताल पौड़ी के चिकित्सा अधीक्षक डा० गौरव रतूड़ी ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज का यह संकल्प है कि पहाड़ के सुदूर क्षेत्रों के हर गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं।
पहले चरण में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल 8 सीएमओ, 2 फिजिशियन, 2 हड्डी रोग विशेषज्ञ, 3 सर्जन, 1 बाल रोग विशेषज्ञ, 3 दंत रोग विशेषज्ञ, 1 नेत्र रोग विशेषज्ञ, 2 स्त्री एवम् प्रसूति रोग विशेषज्ञ डाक्टरों समेत 30 नर्सिंग स्टाफ, 40 वार्ड ब्वाय, 15 सुरक्षा गार्ड,, 15 सफाई कर्मी, 12 लैब टेक्नीशियन, 10 रेडियोटेक्नीशियन, आडियोलाॅजिस्ट, आप्टोमैट्रिस्ट आदि के साथ कार्य शुरू करेंगे।
डा० गौरव रतूड़ी ने बताया कि अनुबंध के अनुसार श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल राज्य सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर ही जिला अस्पताल पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएगा।
डा० गौरव रतूड़ी ने बताया कि जिला अस्पताल पौड़ी के तहत आने वाले ब्लाक समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाबौ और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घण्डियाल के अन्तर्गत आने वाले ब्लाक में एक-एक सचल एम्बुलंेस सेवा संचालित होगी। तीनों सचल एम्बुलेंस आधुनिक सेवाओं से सुसज्जित हैं। एम्बुलेंस में ही ईसीजी, एक्सरे व ब्लड सैंपलिंग सहित उपचार की व्यवस्था उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पौड़ी द्वारा निर्धारित रूट प्लान व मासिक शेड्यूल के अनुसार सचल एम्बुलेंस तीनों ब्लाॅक में सेवाएं देने पहुंचेगी। सचल एम्बुलेंस सेवा संचालित करने का उद्देश्य ब्लाक लेवल पर ग्रामीणों को उनके गांव के आसपास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
