हरिद्वार। कोरोना महामारी के बीच सोमवार को कुंभ मेले का पहला शाही स्नान शुरू हो गया है। हरिद्वार में हरकी पैड़ी स्थित ब्रहमकुंड पर मध्य रात्रि के बाद से आम श्रद्धालुओं ने सोमवती अमावस्या का स्नान शुरू कर दिया था। सुबह साढ़े आठ बजे शाही स्नान शुरू हुआ। सबसे पहले निरंजनी अखाड़े के संतों ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। इसके बाद जूना अखाड़े ने अग्नि, आह्वान और किन्नर अखाड़े के साथ गंगा में स्नान किया।
कोरोना संक्रमित होने के कारण अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि स्नान और जुलूस में शामिल नहीं हो सके। अखाड़े के संतों का स्नान शाम पांच बजे तक चलेगा। आम श्रद्धालु गंगा के दूसरे घाटों पर स्नान कर रहे हैं। इस बार कोरोना के चलते शाही स्नान में पिछले कुंभ पर्वों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कम नजर आ रही है। सोमवार से शुरू हुआ शाही स्नान 14 अप्रैल तक चलेगा। मेला प्रषासन की ओर से इसके लिए व्यापक तैयारियां है।
वहीं कुंभ मेला के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करना मुश्किल है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा करने पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो सकती है।
