ग्राम स्तर पर बनेगी कोविड नियंत्रण समिति, डीएम ने दिये निर्देश

ग्राम स्तर पर बनेगी कोविड नियंत्रण समिति, डीएम ने दिये निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आज तहसील व ब्लाक के प्रशासनिक एवं चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कोविड संक्रमण के प्रभावी रोकथाम हेतु संचालित कार्यो की गहनता से समीक्षा की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कोविड के बढते मामलों के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग में अस्थाई तौर पर नियुक्त कार्मिकों के ज्वाइनिंग के संबध में एमओआईसी से जानकारी ली तथा उन्होंने कहा कि कोविड के लिए आयुष के चिकित्सकों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहाॅ पर कुछ कोविड के पाॅजिटिव केस सामने आ रहे है वहाॅ पर पूरे गांव की सैंपलिंग की जाए तथा जिन लोगों में कोविड के लक्षण दिख रहे है, उनका मौके पर ही रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जाए। ताकि कोविड संक्रमित मरीज को तत्काल उपचार मिल सके और इसको फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही गांव क्षेत्रों में बुखार एवं अन्य बीमारियों से पीडित लोगों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कर मौके पर उपचार किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में कोविड नियत्रंण समिति गठित की जाए, जिसमें आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री, गांव के युवा एवं महिला मंगल दल तथा अन्य को सदस्य बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि होम आइसोलेट मरीजों तक समय से मेडिकल किट उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त जिन लोगों में कोविड लक्षण दिख रहे है उनको भी मेडिकल किट दी जाए। आशा व एएनएम के पास भी मेडिकल किट रखी जाए ताकि जरूरत पडने पर मरीज को तत्काल किट दी जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 30 हजार मेडिकल किट तैयार करने के लिए आवश्यक दवाइयों एवं अन्य सामग्री की खरीद हेतु कार्यवाही गतिमान है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोविड गाइडलाइन के अनुसार होम आइसोलशन का पूरी तरह से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। जो व्यक्ति संक्रमित है वो घर पर ही रहे। उन्होंने कहा कि जहाॅ भी कन्टेनमेंट जोन बनाए गए है वहाॅ पर भी नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि ब्लाक स्तर पर किसी भी चीज की जरूरत है तो तत्काल डिमांड करें और छोटी से छोटी समस्या को भी तत्काल संज्ञान में लाया जाए।

उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर पर भी मेडिकल किट डिस्ट्रीब्यूशन एवं स्टाॅक की डेली माॅनिटरिंग की जाए। उन्होंने सभी एमओआईसी को कोविड कन्ट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों का भी व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *