देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस अब भाजपा की तर्ज पर न्याय पंचायतों में डेरा डाल रहे हैं। कांग्रेस के सभी 13 दिग्गज नेता गांवों में प्रवास पर है। इसके साथ ही कांग्रेसी 670 न्याय पंचायतों में प्रवास कार्यक्रम कर बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूत करेंगे। भाजपा चुनाव से पहले अपने पन्ना प्रमुख और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन स्तर पर मजबूत करती है। इसी तर्ज पर कांग्रेस अपने न्याय पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत करने में जुटी है।
गांधी जयंती पर कांग्रेसियों की पहल 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेसी गांवों में अपना जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं। इसके लिए कांग्रेस गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं को मजबूत करने का में जुटे। एक अक्टूबर से शुरू हुए जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के 13 दिग्गज नेता गांवों में प्रवास पर हैं।
वहीं पूर्व मंत्रियों व पूर्व विधायकों समेत पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को 670 न्याय पंचायतों में भेजा गया है। ये सभी 2 दिन एक रात गांव में ही रहेंगे। कांग्रेसी दो अक्टूबर को गांवों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों, शहीद सैनिकों के परिवारों व राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को सम्मानित करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने एक अक्टूबर को कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के गांव में रात्रि विश्राम किया। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव कपकोट में प्रवास पर हैं। उत्तरकाशी में सह प्रभारी राजेश धर्माणी, सह प्रभारी दीपिका पांडेय सिंह हरिद्वार के गांव में प्रवास पर हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत रुद्रप्रयाग, तिलकराज बेहड़ ऊधमसिंह नगर, भुवन कापड़ी नैनीताल और जीतराम पिथौरागढ़ के गांव में डेरा डाले हैं। राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा चंपावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय टिहरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल श्रीनगर और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह देहरादून की न्याय पंचायत के गांव में प्रवास पर है।

