देहरादून। भीमताल के निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा अब भाजपा के नेता बन गये हैं। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। पिछले काफी समय से राम सिंह कैड़ा के भाजपा में शामिल होने की अटकलें सियासी गलियारों में तैर रही थी। शुक्रवार को इन अटलकबाजियों पर विराम लगाते हुए वे नई दिल्ली भाजपा मुख्यालय में सपत्नीक बीजेपी में शामिल हो गए। बताते चले कि राम सिंह कैड़ा की पत्नी कमलेश कैड़ा ओखलाकांडा विकास खण्ड की ब्लाक प्रमुख हैं।
उन्होंने उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो एक परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े रखती है। यही वजह है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में मतभेद जैसी कोई बात सामने नहीं आती है। कैड़ा ने कहा कि वह पार्टी की मजबूती के साथ ही हर कार्यकर्ता की भावनाओं का ध्यान रखते हुए काम करेंगे।
