स्कूल, अस्पताल और मुफ्त तीर्थयात्रा, उत्तराखण्ड चुनाव को लेकर केजरीवाल ने किये वायदे

स्कूल, अस्पताल और मुफ्त तीर्थयात्रा, उत्तराखण्ड चुनाव को लेकर केजरीवाल ने किये वायदे

हरिद्वार। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि अगर उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो वह प्रदेश के अच्छे भविष्य के लिए स्कूल और अस्पताल बनवाएगी तथा विभिन्न समुदाय के लोगों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा योजना शुरू करेगी।

प्रदेश के दौरे पर हरिद्वार पहुंचे केजरीवाल ने कहा, ‘मैं कह रहा हूं कि मैं आपके स्कूल अच्छे कर दूंगा। मैं आपके बच्चों का भविष्य बना दूंगा। आपके बच्चों के लिए नौकरी का इंतजाम कर दूंगा। आपके परिवार के लिए अस्पताल बना दूंगा।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश में आम आदमी पार्टी को छोड़कर ऐसी कोई पार्टी नहीं है जो अच्छी शिक्षा के लिए बात करे।

केजरीवाल ने कहा कि मुफ्त तीर्थयात्रा योजना के तहत, हिंदुओं को अयोध्या, मुसलमानों को अजमेर शरीफ और सिखों को करतारपुर सहिब की यात्रा कराई जाएगी।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि कुछ दिन पहले जब वह अयोध्या गए और वहां रामलला के दर्शन किए तो उनके मन में भाव आया कि भगवान उन्हें इतनी सामर्थ्य दे कि वह देश के हर व्यक्ति को अयोध्या और रामलला के दर्शन करा सकें। उन्होंने दिल्ली लौटने के बाद अयोध्या को तीर्थस्थानों की सूची में शामिल करवाया।

उन्होंने कहा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दिल्ली के नागरिकों को लेकर अयोध्या के लिए पहली ट्रेन तीन दिसंबर को चलेगी।’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में ऑटोरिक्शा चालकों के साथ भी बैठक की और उनसे वादा किया कि आप के सत्ता में आने पर उनकी समस्याओं का भी वैसे ही समाधान किया जाएगा जैसे उन्होंने दिल्ली में किया है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के ऑटोरिक्शा चालक आप (आम आदमी पार्टी) के बडे फैन हैं और उसकी जीत में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं और केजरीवाल अपने हर उत्तराखंड दौरे में जनता के लिए घोषणाएं कर रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले दौरों में किसानों के लिए मुफ्त बिजली, हर परिवार के लिए 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की घोषणा की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *