सहसपुर। कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने सहसपुर विधानसभा के तहत मंगलवार को शिव नगर में जनसम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने यहां एक बैठक भी की जिसमें स्थानीय लोगों ने बताया की शिवनगर में पानी बिजली जैसी बुनियादी सुविधाए भी मयस्सर नहीं हो पाई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिवनगर नदी से सटा हुआ हैं। जहां बरसात के दिनों में हमेशा बाढ़ का खतरा बना रहता है। लेकिन सरकार का कोई भी नुमाइंदा उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र की इन समस्याओं को लेकर वे कई मर्तबा स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर से मिल चुके हैं। लेकिन स्थानीय विधायक ने उन्हें कोरे आश्वासन के सिवा कुछ नहीं दिया।

शिवनगर के वाशिदों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता राकेश सिंह नेगी ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार देश और प्रदेश में पूरी तरह फेल हो गई है। जिन मुद्दो को लेकर भाजपा देश और प्रदेश की सत्ता पर काबिज हुई थी उन मुद्दो पर पूरी तरह से नाकाम रही है। झूठे वायदे करना और झूठ बोलना भाजपाई की हमेशा से संस्कृति रही है। लेकिन झूठ की मियाद ज्यादा नहीं होती है। अब भाजपा का झूठा चरित्र जनता के सामने आ चुका है।
भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम सैकड़ा लगा चुके हैं। सरसों का तेल दोहरा शतक लगा चुका है। रसोई गैस के दाम हजार को छूने को है। लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार को आम आदमी की इस पीड़ा से कोई सरोकार नहीं हैं।
उन्होंने स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के विधायक क्षेत्रवासियों को पानी बिजली तो नहीं दिला पाये लेकिन विकास के नाम पर उन्होंने कूड़ा निस्तारण केन्द्र जरूर तोहफा दिया है। उनका इतने से ही मन नहीं भरा है सुनने में आया है कि अब वे सहसपुर विधान सभा में ही पशु निस्तारण केन्द्र तोहफे में देने की तैयारी में है।
राकेश नेगी ने कहा कि आने वाले विधान सभा चुनाव में जनता ने भाजपा को प्रदेश की सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जो समाज के हर तबके को साथ में लेकर चलती है। कहा कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जो देश और प्रदेश का विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि शिवनगर की समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जायेगा ।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गुलफाम जान, बबलू राना, बाबू राम, नशीम, सतीश चौहान, राम प्रसाद, स्यालिक राम, पप्पू साहनी, राम लखन आदि उपस्थित रहे।

