देहरादून। प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कालेज में स्नातक के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 11 अगस्त तक तक कालेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
इस वर्ष भी डीएवी महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकाम समेत सभी पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए छात्र-छात्राएं कालेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने को एक वीडियो भी संलग्न है।
प्राचार्य डा० केआर जैन के हवाले से जारी पत्र के मुताबिक कॉलेज में ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। स्नातक स्तर के प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु 11 अगस्त पंजीकरण की आखिरी तारीख है। 14 अगस्त को मेरिट सूची जारी करने की संभावित तिथि घोषित की गई है। जबकि मेरिट में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं के दाखिले 16 अगस्त से शुरू होंगे।
कालेज के प्राचार्य डॉ० के०आर०जैन ने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं निर्देशों को ध्यान से पढ़कर फार्म भरें, जिससे मेरिट में उनकी ओर से दिए गए आंकड़ों में किसी तरह की भिन्नता ना हो। कालेज में सेल्फ फाइनेंस कोर्स में भी प्रवेश प्रक्रिया आरंभ हो गई है।
प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा परिणाम आने के बाद शुरू हो गई थी। अब सीबीएसई और सीआइएससीई बोर्ड की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी आ चुका है। इसलिए कालेज में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं शीघ्र पंजीकरण कर लें। वेबसाइट पर एंटी रैगिंग से संबंधित प्रपत्र भी संलग्न है, उसे आवश्यक रूप से भरें।

