प्रदेश में दो अक्टूबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ, तकरीबन 2.25 लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

प्रदेश में दो अक्टूबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ, तकरीबन 2.25 लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

देहरादून। प्रदेश में दो अक्टूबर से खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। महाकुंभ 25 जनवरी 2023 तक चलेगा। इसका आयोजन चार स्तर पर किया जाएगा, जिसमें न्याय पंचायत, विकास खंड, जिला और राज्य शामिल हैं। इस वर्ष महाकुंभ के अंतर्गत प्रदेश के पारंपरिक खेल जैसे मुर्गा झपट, अड्डू, गुल्ली डंडा व रस्साकसी जैसे खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य इन खेलों को पुनर्जीवित करना है। इन्हें प्रदर्शन खेल के रूप में आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तर पर होने वाले खेलों में विजेताओं को नगद पुरस्कार के साथ ही विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

गुरूवार को विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह को इसका उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। रायपुर न्याय पंचायत में इसकी शुरूआत होगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का पंजीकरण निःशुल्क किया जाएगा। न्याय पंचायत स्तर पर ये खेल दो अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक होंगे। यहां कबड्डी, खो-खो, बालीबाल व दौड़ प्रतियोगिता होंगी। ये प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-17 आयुवर्ग में कराई जाएंगी।

विकास खंड स्तर पर खेलों का आयोजन 20 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर बैडमिंटन व फुटबाल प्रतियोगिता अतिरिक्त रखी गई है। इसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-21 आयु वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तर पर ये आयोजन नौ नवम्बर से 27 नवम्बर तक होंगे। यहां जूडो, बाक्सिंग, टेबिल टेनिस, ताइक्वांडो, हैंडबाल, बास्केटबाल, कराटे व हाकी खेल अतिरिक्त रखे गए हैं। यहां भी ये प्रतियोगिताएं तीन आयुवर्ग में होंगी। राज्य स्तर पर खेल महाकुंभ का आयोजन पांच दिसम्बर से 25 जनवरी तक किया जाएगा। इससे जिला स्तर पर विजयी खिलाड़ियों को खेलने का मौका दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए खेलों का आयोजन ग्राम पंचायत, प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल, माध्यमिक विद्यालय, इंटर कालेज, युवा कल्याण, खेल व शिक्षा कार्यालयों में किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *