नरेन्द्रनगर। सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला 2021 की विद्यालयी सांस्कृतिक प्रतियोगिता के उच्च वर्ग में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय ने पहला स्थान हासिल किया है।
शनिवार देर रात तक चली सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों द्वारा अनिवार्य और ऐच्छिक श्रेणी के तहत अपनी-अपनी प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गई। उच्च वर्ग के अन्तर्गत धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ऐच्छिक तथा अनिवार्य श्रेणी के अन्तर्गत शानदार गढ़वाली नृत्य-गायन किया गया।
पारम्परिक वेश-भूशा तथा आभूषणों से सुसज्जित लुक में जोशीली प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक टीम प्रभारी डा० विक्रम वर्त्वाल ने बताया कि ऐच्छिक एवं अनिवार्य दोनों श्रेणी के कार्यक्रमों में छात्रों की स्वयं के स्तर पर काफी तैयारी की गई थी, जिस कारण वे अपना बेहतर प्रस्तुत कर सके। प्रतिभागी छात्र-छात्रा में तान्या सजवाण, अंजली नेगी, आरती पुण्डीर, नेहा जोशी, शालिनी, रीता भण्डारी, अरविंद सेमल्टी, तनवरी, संजय कृषाली आदि छात्रों की सराहनीय भूमिका रही।
महाविद्यालय की शानदार प्रस्तुति एवं प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए कालेज प्राचार्य डा० यू०सी०मैठानी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी है।
