देहरादून। मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून अंतर्गत देहरादून शहर, जनपद नैनीताल अंतर्गत रामगढ तथा जनपद उत्तरकाशी अंतर्गत मोरी में नये राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की प्रतिपूर्ति के क्रम में नवीन राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर, राजकीय महाविद्यालय रामबाग तथा राजकीय महाविद्यालय मोरी की स्थापना की स्वीकृति दे दी है।
राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग के विषयों के साथ प्राचार्य के एक पद एवं विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 20 पदों सहित शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कुल 27 पदों के सृजन की स्वीकृति के साथ नवीन महाविद्यालय की स्थापना की गयी है ।
राजकीय महाविद्यालय रामबाग (नैनीताल) में कला वर्ग के विषयों के साथ प्राचार्य के एक पद एवं विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के सात पदों सहित शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कुल 11 पदों के सृजन की स्वीकृति के साथ नवीन महाविद्यालय की स्थापना की गयी है ।
राजकीय महाविद्यालय मोरी (उत्तरकाशी) में कला वर्ग के विषयों के साथ प्राचार्य के एक पद एवं विभिन्न विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के सात पदों सहित शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कुल 11 पदों के सृजन की स्वीकृति के साथ नवीन महाविद्यालय की स्थापना की गयी है ।
नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा लम्बे समय से की जा रही थी। राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में अत्यन्त हर्ष का माहौल है जो दूरस्थ क्षेत्र में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करेगा तथा देहरादून शहर में अत्यधिक छात्र संख्या के दबाव को कम करते हुए छात्र-छात्राओं को अध्ययन हेतु बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगा।
मंत्री उच्च शिक्षा डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि, सरकार, संकल्प से सिद्धि की ओर अग्रसर है और नवीन महाविद्यालयों की स्थापना उसी प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक उच्च शिक्षा के अवसर सुलभ कराने के अपने संकल्प को पूरा करने के प्रति सरकार गंभीर है और इस हेतु किसी भी प्रकार के धन या संसाधनों की कमी आड़े नहीं आएगी । महाविद्यालयों की स्थापना से छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

