कीर्तिनगर। जिला टिहरी के कीर्तिनगर ब्लाक के तहत झिरकोटि-कपरोली मोटर मार्ग की बदहाली का आदर्श सभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सेनवाल के हस्तक्षेप के बाद सम्बन्धित विभाग ने संज्ञान लिया है। अगस्त माह में बरसात के चलते ये मोटर मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। आलम ये था कि रोड के पुस्ते जगह-जगह टूट चुके हैं, जिसके चलते इस मोटर मार्ग में वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। ग्रामीण इस मोटर मार्ग पर जान हथेली पर लेकर वाहनों को चला रहे थे।
ये मोटर मार्ग पीएम ग्रामीण सड़क योजना की स्कीम से बनी हुई है। गांव के प्रधान सुनील कुमार बताते हैं कि इस मार्ग को दुरूस्त कराने के लिए वे कई बार सम्बन्धित विभाग से दरख्वास्त कर चुके थे। लेकिन विभाग का कोई भी अफसर सुनने को तैयार नहीं था।

आदर्श सभा के अध्यक्ष कुलदीप सेनवाल बताते हैं कि इस सड़क के क्षतिग्रस्त होने के चलते ग्रामीणों को आवागमन में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लिहाजा उन्होंने खुद पीएमजीएसवाई के स्थानीय जेई दीपक गुसाई से सीधे सम्पर्क साधा। जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को यहां रोड को दुरूस्त करने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस त्वरित गति से इस योजना के स्थानीय जेई दीपक गुसाई ने शिकायत का संज्ञान लिए उसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। कुलदीप सेनवाल ने जेई दीपक गुसाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे ही कर्मठ अधिकारी कर्मचारी सरकारी विभाग में काम करें तभी ग्रामीण क्षेत्रों का विकास संभव हो सकता है।
वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियो की भूमिका को लेकर भी कुलदीप सेनवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चुनावी मौसम हैं। स्थानीय क्षेत्रीय जनप्रतिधि चाहे पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी हो, कबीना मंत्री दिवाकर भट्ट हो या मौजूदा विधायक भाजपा के विनोद कण्डारी हो या दूसरे दलों के नेता हो सभी इस मोटर मार्ग से क्षेत्र में भ्रमण करने आये लेकिन किसी ने भी इस क्षतिग्रस्त रोड की सुध नहीं ली। इससे ही पता लग जाता है कि हमारे जनप्रतिनिधि गांव के विकास के लिए कितने गंभीर हैं।

