देहरादून। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली में आयोजित समारोह में शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की मां सरोज ढौंडियाल और पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल ढौंडियाल को ये शौर्य चक्र दिया। नितिका ढौंडियाल ने पति की शहादत के बाद आर्मी ज्वाइन की थी। मौजूदा समय में वो आर्मी में लेफ्टिनेंट हैं। मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले थे। उनकी मां देहरादून में ही रहती हैं।
गौरतलब है कि 18 फरवरी 2019 को मेजर ढौंडियाल जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए एक एनकाउंटर में शहीद हुए थे। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था, इसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद ही पुलवामा के पिंगलान गांव में आतंकियों को ढेर करने के लिए सेना ने एक ऑपरेशन चलाया था। पिंगलान में हुए इस एनकाउंटर में चार सैनिक शहीद हुए थे। इन शहीदों में मेजर रैंक के ऑफिसर विभूति ढौंढियाल भी थे।
