कीर्तिनगर। भाजपा में विधानसभा उम्मीदवारों के टिकट के ऐलान के बाद बगावत के सुर भी बुलंद होने लगे हैं। टिकट ना मिलने से नाराज देवप्रयाग ब्लाक के पूर्व प्रमुख और भाजपा के नेता मगन सिंह बिष्ट ने उत्तराखण्ड जन एकता पार्टी का दामन थाम लिया था। अब वे उजपा के सम्बल पर देवप्रयाग विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। मगन सिंह बिष्ट भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। लेकिन पार्टी ने यहां से मौजूदा विधायक विनोद कण्डारी को पार्टी का दिया है।
उन्होंने गुरूवार को नई टिहरी उजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्हें उजपा के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। मगन सिंह बिष्ट के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी भाजपा छोड़ उजपा में शामिल हुए।
इस मौके पर मगन सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा ने उनके साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलों ने हमेशा से यहां के जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
