स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण शिक्षा हेतु उत्तराखंड यूसर्क और एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के बीच हुआ समझौता

स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण शिक्षा हेतु उत्तराखंड यूसर्क और एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के बीच हुआ समझौता

देहरादून। प्रदेश में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवम पोषण के साथ ही विज्ञान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा छात्र छात्राओं में वैज्ञानिक अभिवृत्ति के विकास व स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार हेतु उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क), तथा हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, सेलाकुई द्वारा यूसर्क सभागार में ‘मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग’ पर हस्ताक्षर किए गए।

यूसर्क की ओर से यूसर्क निदेशक प्रो. (डॉ) अनीता रावत तथा हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की ओर से विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा० आशीष उनियाल ने समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किए।
यूसर्क निदेशक प्रो. अनीता रावत ने बताया कि इस समझौते के आधार पर दोनों संस्थान प्रदेश के छात्र छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवम पोषण के प्रति जागरूक करने तथा विज्ञान शिक्षा एवम चिकित्सा व वैज्ञानिक अनुसंधानों को स्तरीय बनाने तथा इसके अनुप्रयोगों व लाभों को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि यूसर्क की शर्त के आधार पर उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय यूसर्क द्वारा विभिन्न माध्यमिक विद्यालय में संचालित 200 से अधिक विज्ञान चेतना केंद्रों कम से कम पांच ‘यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्रों’ को गोद लेकर उनमें स्वास्थ्य, स्वच्छता एवम पोषण संबंधी विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन करते हुए विद्यालय के छात्र छात्राओं को अपने विश्वविद्यालय से विभिन्न सुविधाएं प्रदान करेगा।

हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हेम चन्द्र ने इस अवसर पर कहा कि आज के इस समझौते से जहां विश्वविद्यालय से संबद्ध भावी चिकित्सकों को यूसर्क की वैज्ञानिक गतिविधियों का भरपूर लाभ मिलेगा, वहीं प्रदेश भर के छात्र-छात्राऐं तथा आमजन भी दोनों संस्थाओं के विज्ञान शिक्षा, चिकित्सा एवम सुस्वस्थता हेतु किए जाने वाले सम्मिलित प्रयासों से लाभान्वित होंगे।

कुलसचिव डॉ आशीष उनियाल ने इस अवसर को अत्यंत सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि प्रदेश दो विशिष्ट संस्थाओं के बीच का यह समझौता प्रदेश में खासकर छात्रों व उनके अभिवावकों तक स्वास्थ्य एवम पोषण संबंधी जागरूकता को पहुंचाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

यूसर्क वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश नौटियाल ने कहा कि इस समझौते के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा यूसर्क के वैज्ञानिक परस्पर मिलकर विज्ञान शिक्षा के साथ ही चिकित्सा, स्वास्थ्य व स्वच्छता क्षेत्रों में सहयोगात्मक अनुसंधानों तथा शोध परिणामों के लाभों को आम जन तक पहुंचने हेतु प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों के अधिकारी एवम वैज्ञानिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *