देवऋषि नारद जयंती पर सम्मानित किए गए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकार
देहरादून। प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय शोध समन्वय प्रमुख अजय मित्तल ने कहा कि आजादी के संघर्ष में पत्रकारों ने नारदजी के विचारों पर कार्य किया। इसमें काफी कठिनाईयां आईं, लेकिन वे अपने काम से डिगे नहीं और उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को संघर्ष, त्याग, आस्था, शक्ति का प्रतीक बना दिया। अंग्रेजों ने 1908-10 में दो ऐसे कानून बनाए थे जो कभी उन्होंने इंग्लैंड में नहीं बनाए, वह है प्रेस एक्ट व प्रेस इंसाइटमेंट टू वाइलेंस एक्ट। इन दोनों कानून के आधार पर इन्होंने भारत में प्रेस का गला घोंट दिया।
देवऋषि नारद जयंती पर रविवार को विश्व संवाद केंद्र देहरादून-उत्तराखंड की ओर से आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर अजय मित्तल ने कहा कि जो नार प्रदान करे वह नारद है। नार यानी दिव्य प्रकृति का ज्ञान। नारदजी ब्रह्माजी के मानस पुत्र हैं और भगवान विष्णु के साक्षात मानस हैं। भगवान विष्णु के मन में क्या चल रहा है, इसकी जानकारी सबसे पहले नारदजी को होती है। नारदजी तीनों लोकों में भ्रमण करते रहते हैं। देवताओं, दानव, असुर, मनुष्य, सभी में वे समान रूप से विश्वसनीय हैं। विश्वसनीयता का जो संकट आज मीडिया जगत झेल रहा है, उनको नारदजी से नारदत्व सीखना चाहिए। वो लोक मंगल में ही हमेशा व्यस्त रहते हैं। नारदजी लोक कल्याण के भाव से कार्य करते हैं।
अखिल भारतीय शोध समन्वय प्रमुख ने कहा कि गांधीजी ने अखबारों के तीन कर्तव्य बनाए हैं। वो आज मीडिया के महत्वपूर्ण है जैसे गांधीजी के समय में थे। गांधीजी के ये तीन कसौटियाें पर खरा उतरने की कोशिश करनी चाहिए। गांधी ने जब पत्रकारिता की थी तो उन्होंने लिखा था- किसी भी समाचार पत्र का पहला उद्देश्य सावर्जनिक संवेदना काे समझना और उन्हें अभिव्यक्ति प्रदान करना है। दूसरा उद्देश्य समाज में वांछनीय भावनाओं का प्रसार करना और तीसरा उद्देश्य सार्वजनिक दोषों का निडरता पूर्वक पर्दाफाश करना है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने भी पत्रकारिता-अखबारों के जरिए देश को नई दिशा-जागृति प्रदान करने की कोशिश की। इसके अलावा स्वाधीनता संग्राम के समय के महापुरुषों ने भी प्रेस का सहारा लिया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने भी संकल्प साप्ताहिक और स्वतंत्र दैनिक पत्र निकाले थे। कुल मिलाकर इन सब ने संघर्षों के बीच पत्रकारिता के सहारे देश को ऐसा जागृत किया कि यहां अंग्रेज अधिक समय तक रह नहीं पाए। सरदार भगत सिंह भी पत्रकारिता में रूचि रखते थे। सुभाष चंद्र बोस, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी भी पत्रिका निकालते थे।
पत्रकार सम्मान समारोह का साक्षी बना आईआरडीटी सभागार-
सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार पत्रकार सम्मान समारोह का साक्षी बना। मौका था देवऋषि नारद जयंती का। विश्व संवाद केंद्र देहरादून-उत्तराखंड की ओर से आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार निशीथ जोशी देहरादून, चिरंजीव सेमवाल उत्तरकाशी प्रेस क्लब अध्यक्ष, प्रकाश कपरूवाण जोशीमठ, अमित कुमार शर्मा हरिद्वार प्रेस क्लब अध्यक्ष, आशा प्रसाद सेमवाल गुप्तकाशी, अरविंद प्रसाद टिहरी, प्रदीप आनंद सोशल मीडिया पत्रकार सम्मानित किए गए।
प्रांत मीडिया संवाद प्रमुख बलदेव पराशर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि इस बार पत्रकार सम्मान के लिए गढ़वाल सम्भाग के प्रत्येक जिले से एक नाम का चयन किया गया। कला गुरु निशा मार्कण्डेय के शिष्यों ने वंदे मातरम का गायन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

