अल्मोड़ाः मल्ला महल में दर्जामंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया योगाभ्यास
अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवा विभाग की ओर से योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अल्मोड़ा मल्ला महल में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। योगाभ्यास कार्यक्रम में जिला प्रशासन, आमजन व विधार्थियों ने योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर कैलाश पंत ने कहा कि कहा कि आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है और ये दिन एक विशेष महत्व इसीलिए रखता है क्योंकि ये 10वां योग दिवस है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी जब पहली बार संयुक्त राष्ट्र महासभा में गए तब उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा। कहा कि मोदी जी ने ना सिर्फ प्रस्ताव रखा बल्कि हमारे चिरपुरातन विज्ञान और हमारे ऋषि,-मुनियों की एक अनुपम भेंट का परिचय भी विश्व को कराया।
उन्होंने कहा कि मन, शरीर और आत्मा के बीच में एकात्मता लाने का योग से बड़ा कोई और विज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग को स्वीकार रहा है, सीख रहा है और सिखा रहा है। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में लाखों लोगों ने योग को मन से स्वीकार कर आगे बढ़ाने का काम किया है।
इस दौरान पूर्व विधायक अल्मोड़ा कैलाश शर्मा, जिलाधिकारी विनीत तोमर सीएमओ निवेदिता जोशी समेत विभागीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
