पौड़ीः रामलीला मैदान में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

पौड़ीः रामलीला मैदान में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

पौड़ी। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25 वीं वर्षगांठ को रजत जयंती के रूप में सादगी के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री राजकुमार पोरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान मार्चुला में हुए बस हादसे में दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

इससे पूर्व स्थानीय विधायक श्री पोरी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान व अन्य ने शहीद स्मारक स्थल और कण्डोलिया स्थित सीडीएस बिपिन रावत पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्य कार्यक्रम स्थल रामलीला मैदान में अतिथियों द्वारा उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों व उनके परिजनों को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरूमीत सिंह व मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के भाषण को सुना गया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य बनने के बाद जनपद के दूरस्थ गांवों के आखिरी व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही जरुरतमंद व पात्र व्यक्ति को इनका भरपूर लाभ मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अण्थवाल ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान पौड़ी से ही आंदोलन की शुरूआत हुई। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड नित नये विकास के कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य बनाने में राज्य आंदोलनकारियों की अहम भूमिका रही है। कहा कि राज्य जिस तरह से इन 25 वर्षों में विकास की ओर बढ़ा है उसी तरह अगले 25 वर्षों में प्रदेश देश-विदेश में एक अलग पहचान बनायेगा।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अतिथिगणों द्वारा 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण, 20 किशोरी किट, 06 लखपति दीदी को प्रमाणपत्र, 5 सीसीएल समूहों को आभासी चेक व रीप द्वारा व्यक्तिगत उद्यम स्थापना हेतु 05 लाभार्थियों को चेक वितरण किये गये। इसके अलावा निबंध प्रतियोगिता में ऐश्वर्या प्रथम, मोनाली द्वितीय व आस्था तृतीय स्थान पर रही, जिन्हें अतिथियों द्वारा पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने पर बीरा भंडारी व उनकी टीम को भी सम्मानित भी किया गया। साथ ही विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *