अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में फ्लाइंग कार का प्रोटोटाइप तैयार कर सुर्खियां बटोरने वाले युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की. सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने रवि से उनके फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप को लेकर विस्तार से जानकारी ली. मंत्री ने रवि को फ्लाइंग व्हीकल की सफल टेस्टिंग के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयास की सराहना की. अजय टम्टा ने कहा कि रवि का यह इनोवेशन देश की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता को दुनिया के सामने रखने वाला है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर भारत सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
अल्मोड़ा के रहने वाले रवि टम्टा इन दिनों अपने अनोखे इनोवेशन को लेकर चर्चा में हैं. रवि ने फ्लाइंग कार यानी उड़ने वाले वाहन का प्रोटोटाइप तैयार कर इसके सफल परीक्षण का दावा किया है. उनके इस प्रयोग की चर्चा अब स्थानीय स्तर से निकलकर देशभर में हो रही है. यही वजह है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी रवि के इस इनोवेशन में रुचि दिखाई.
सर्किट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान रवि ने केंद्रीय मंत्री को अपने फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप के बारे में जानकारी दी. इस दौरान मंत्री ने प्रोटोटाइप की कार्यप्रणाली और अब तक किए गए परीक्षणों को लेकर रवि से बातचीत की. केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने रवि टम्टा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रवि शुरुआत से ही अपनी प्रतिभा और तकनीकी सोच से लोगों को रूबरू कराते रहे हैं.
उन्होंने कहा कि फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप के जरिए रवि ने यह साबित किया है कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है.अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं. ऐसे में उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य से निकलकर युवाओं का तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करना बेहद उत्साहजनक है.केंद्रीय मंत्री ने रवि को उनके इनोवेशन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि उन्हें आगे बढ़ने के लिए किसी तरह की मदद की आवश्यकता होगी तो हरसंभव सहयोग का प्रयास किया जाएगा.
