देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर प्रदेश में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया जलेगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर के बीच सेवा संकल्प कार्यक्रम चलाया जाएगा।
सात अक्तूबर को पीएम मोदी बतौर मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री लगातार 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा करेंगे। लिहाजा, भाजपा इसे अलग तरह से सेलिब्रेट करेगी। इसके लिए हर विधानसभा में सेवा ज्योत कार्यक्रम होंगे, जिसमें बाइक रैली निकलेगी और मशाल पूरी विधानसभा क्षेत्र में घूमेगी। वहीं, 25 मिनट में 25 कार्यक्रम होंगे। इसके तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, पेयजल, मंदिर रंग-रोगन, धारों का सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट सुधार आदि शामिल हैं।
जन-जन तक पहुंचेगी सरकार
इस दौरान बड़े पैमाने पर प्रदेशभर में सेवा सेतु अभियान का आयोजन होगा। यह अभियान सरकार चलाएगी, जिसे भाजपा सपोर्ट करेगी। जन-जन की सरकार अभियान की भांति इस अभियान से भी हर घर-गांव तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
प्रदेशभर में एक माह तक 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह मनाया जाएगा। इसके तहत संगठन के स्तर तमाम कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की जाएगी। उनकी सेवाओं को सेलिब्रेट किया जाएगा। -महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
