देहरादून:उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर बातचीत कर अभियान की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी ली।
उत्तरकाशी रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, बर्फीली चोटियों पर फंसे लोगों तक पहुंचाई जा रही मदद
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों को भी सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्यटकों और अन्य प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक चिकित्सकीय सहायता, भोजन और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले हर तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए।
