उत्तराखंड में वोटर बनने का फिर मिला मौका, 11 दिसंबर तक करें आवेदन

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियां सुधारने के लिए शुरू हुई प्रक्रिया, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों के लिए राहत की खबर है। निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत पात्र नागरिकों को वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने का एक और अवसर दिया है। इसके लिए 11 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। खास बात यह है कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी नए मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में गुरुवार से विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इससे पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक लाख से अधिक लोगों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। इनमें से पात्र आवेदकों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं।

11 दिसंबर तक मिलेंगे आवेदन के मौके

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, किसी व्यक्ति का नाम सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इन सभी प्रक्रियाओं के लिए 11 दिसंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

28 दिसंबर तक निपटेंगी आपत्तियां

मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के लिए निर्वाचन विभाग ने आगे की समयसीमा भी तय कर दी है। 11 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले सभी दावों, आपत्तियों और आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास के मुताबिक, पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें।

कई मतदान केंद्रों पर बढ़ी मतदाताओं की संख्या

विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रदेश के कई मतदान स्थलों पर मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका उदाहरण देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में बद्रीपुर का मतदान स्थल है। यहां 14 जुलाई को मतदाताओं की संख्या 941 थी, जो अब बढ़कर 1019 हो गई है। बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए जागृति विद्यालय में नया मतदान केंद्र भी बनाया गया है।

ऐसे में जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, उनके पास 11 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर है। समय रहते आवेदन कर वे आगामी चुनावों में मतदान का अधिकार सुनिश्चित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *