पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को मिली मंजूरी, ₹375 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

3,000 मीटर का होगा रनवे, सालाना 10.1 लाख यात्रियों को मिलेगी हवाई सेवा; परियोजना में किसी परिवार को नहीं करना पड़ेगा

विस्थापन

देहरादून। कुमाऊं क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने करीब 375.33 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। स्वीकृति मिलने के बाद अब एयरपोर्ट के विस्तार से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पंतनगर एयरपोर्ट बड़े विमानों के संचालन के लिए सक्षम होगा। साथ ही यहां से हर साल करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही संभव हो सकेगी। खास बात यह है कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा।

1,372 से बढ़कर 3,000 मीटर होगा रनवे

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की योजना के तहत एयरपोर्ट के मौजूदा बुनियादी ढांचे को बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा। वर्तमान में रनवे की लंबाई 1,372 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। यानी रनवे में 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। इससे बड़े विमानों की लैंडिंग और उड़ान का रास्ता खुलेगा। इसके अलावा टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। विमान पार्किंग की क्षमता दो से बढ़ाकर सात की जाएगी। वहीं टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, जिससे विमानों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

321 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में होगा विस्तार

विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी। परियोजना के लिए समतल कृषि और खुली भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे किसी परिवार को अपनी जमीन या घर छोड़कर दूसरी जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा जोर

एयरपोर्ट विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण के इंतजाम भी किए जाएंगे। परियोजना के तहत लगभग पांच हेक्टेयर अतिरिक्त हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए तीन नए डीजी सेट लगाए जाएंगे। इसके साथ 72 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित होगा, जिससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। एयरपोर्ट से प्रतिदिन निकलने वाले गंदे पानी के उपचार के लिए 165 केएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में दोबारा किया जाएगा।

पर्यटन और उद्योगों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर हवाई संपर्क से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी एयरपोर्ट की बढ़ी हुई क्षमता उपयोगी साबित होगी। राज्य सरकार इस परियोजना को केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।

कई चरणों में पूरी हुई मंजूरी की प्रक्रिया

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति दिलाने के लिए पिछले कुछ समय से प्रक्रिया चल रही थी। सितंबर 2025 में संदर्भ शर्तें जारी की गई थीं। इसके बाद मार्च 2026 में जनसुनवाई कराई गई और जून 2026 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने पर्यावरणीय प्रस्ताव पोर्टल पर जमा किया। अक्टूबर और नवंबर 2026 में राज्य स्तरीय विशेषज्ञ समिति ने प्रस्ताव की समीक्षा की। पर्यावरणीय प्रभाव, जनसुनवाई और पर्यावरण प्रबंधन योजना का परीक्षण करने के बाद समिति ने कुछ शर्तों के साथ मंजूरी की सिफारिश की, जिस पर SEIAA ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी। अब इस परियोजना के आगे बढ़ने से पंतनगर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और कुमाऊं की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *