जनसमस्याओं को लेकर CM धामी का कड़ा रुख, बोले- लोगों को दफ्तरों के चक्कर न कटवाएं अधिकारी

 मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और पेंशन से जुड़े मामलों पर संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उत्तराखंड में आम जनता की शिकायतों के निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। बुधवार को मुख्यमंत्री सेवा सदन में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, जमीन, पेंशन और आर्थिक सहायता से जुड़े कई मामले सामने आए। सीएम धामी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता में सबसे ऊपर है। किसी भी व्यक्ति को अपनी शिकायत लेकर सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसके समाधान की समयसीमा तय की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से भी कहा कि लोगों की समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ उनकी कार्रवाई की निगरानी की जाए।

सीएम ने खास तौर पर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की परेशानियों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

‘धन्य-धन्य धामी जी’ गीत का किया विमोचन

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘धन्य-धन्य धामी जी’ गीत और उसके पोस्टर का भी विमोचन किया। निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने इस गीत को अपनी आवाज दी है, जबकि रणजीत सिंह ने इसका संगीत निर्देशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *