नजफगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेंगी सुविधाएं, 230 बेड का होगा अस्पताल

मरीजों को बेहतर इलाज देने की तैयारी, 2027 में सीटी स्कैन और एक्स-रे सुविधा शुरू करने की योजना

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने नई दिल्ली के नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) की स्वास्थ्य सेवाओं और संस्थागत विकास की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं, जांच व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी ली। मंत्री ने संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसे मरीजों के उपचार, चिकित्सा शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि आरएचटीसी में अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में अस्पताल के 10 विशेषज्ञ विभागों की ओपीडी में 94,927 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 35,985 लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं दी गईं। इसके अलावा 198 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इस दौरान कुल 691 सर्जरी की गईं, जिनमें 101 बड़ी और 590 छोटी सर्जरी शामिल हैं। अस्पताल में प्रसव कक्ष पूरी तरह संचालित है। इसके अलावा 350 से अधिक दवाओं वाली फार्मेसी, आयुर्वेदिक चिकित्सा और दंत चिकित्सा क्लीनिक की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। रेबीज और सर्पदंश के उपचार के लिए भी विशेष सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

जांच सुविधाओं का होगा विस्तार

अस्पताल में मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। संस्थान की प्रयोगशाला को एनएबीएल मान्यता प्राप्त है। वहीं, 24 अक्टूबर 2026 से अल्ट्रासाउंड सुविधा भी शुरू कर दी गई है, जिसके तहत अब तक 148 जांचें की जा चुकी हैं। फिजियोथेरेपी और ऑडियोमेट्री सेवाएं भी संचालित हैं। अगस्त से अक्टूबर के बीच 252 श्रवण जांचें की गईं। इसके अलावा केंद्रीय निर्जीव आपूर्ति विभाग (सीएसएसडी), अपशिष्ट जल और मलजल उपचार संयंत्र तथा मेडिकल गैस पाइपलाइन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। अस्पताल में जनवरी 2027 तक ब्लड स्टोरेज यूनिट और शवगृह शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सीटी स्कैन और एक्स-रे की सुविधा 2027 की पहली तिमाही में शुरू करने की योजना है।

नर्सिंग शिक्षा और गुत 129 कार्यों में से 105 पूरे हो चुके हैं, जबकि 24 पर काम जारी है। दिसंबर 2026 तक राज्य स्तरीय मूल्यांकन और प्रमाणन का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद फरवरी 2027 से राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन कराने की योजना है।

दिसंबर तक शुरू होंगे कई विशेष क्लीनिक

संस्थान की भविष्य की कार्ययोजना के तहत दिसंबर 2026 तक थैलेसीमिया, नशामुक्ति, किशोर स्वास्थ्य, यौन रोग, रूमेटोलॉजी और गैर-संचारी रोगों से जुड़े विशेष क्लीनिक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पारिवारिक चिकित्सा और आपातकालीन चिकित्सा के शिक्षण विभाग स्थापित करने की योजना है, जिन्हें 2027 की पहली तिमाही के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है। दीर्घकालिक योजनाओं में बीएससी नर्सिंग कॉलेज, संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान महाविद्यालय, छात्रावास और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी अन्य सुविधाओं का विकास शामिल है।

230 बेड का अस्पताल बनाने की प्रक्रिया जारी

नजफगढ़ स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र को 230 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इस विस्तार से अस्पताल की उपचार क्षमता बढ़ने के साथ मरीजों को अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। समीक्षा के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों, वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति के साथ प्रशासनिक एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। गौरतलब है कि वर्ष 1937 में स्थापित आरएचटीसी नजफगढ़ लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रहा है। संस्थान नजफगढ़, उजवा और पालम के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से आसपास की ग्रामीण और अर्ध-शहरी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। यहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण और विभिन्न रोग नियंत्रण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *