देहरादून में घर के भरोसेमंद ने ही कराई 12 लाख की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

बसंत विहार में बुजुर्ग महिला और नौकरानी को स्प्रे डालकर बनाया था निशाना, केयरटेकर ने साथियों के साथ मिलकर तैयार की थी पूरी योजना।

 देहरादून में बुजुर्ग दंपती के घर हुई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घर की देखभाल करने वाला केयरटेकर ही इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 12 लाख रुपये के जेवरात लूटने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि केयरटेकर अभी फरार है।

मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव का है। 22 नवंबर की रात करीब दो बजे बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला और घर में काम करने वाली नौकरानी की आंखों में स्प्रे डाल दिया। इसके बाद महिला के पहने हुए गहने जबरन उतरवाए और घर में रखे अन्य सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की चार टीमें जांच में जुटाई गईं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। 25 नवंबर को पुलिस ने कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु, नितिन और रूपा के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी हैं और आपस में भाई-बहन बताए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि केयरटेकर होशियार सिंह ने ही अपने साथियों को घर की जानकारी दी थी। वारदात के दौरान उसी ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर प्रवेश कराया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, पेंडेंट, अंगूठी, झुमके, सोने का कड़ा, चांदी की पायल, कमर की तिकड़ी, मोती की माला और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

फिलहाल पुलिस फरार केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में नौकर या केयरटेकर रखने से पहले उसकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच कराएं तथा अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *