आत्मसमर्पण की अपील पर आतंकी ने दिया जवाब- मुझे अल्लाह से मिलना है; CRPF चौकी पर हमले के बाद से सुरक्षा एजेंसियां कर रही थीं तलाश
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। बुधवार सुबह देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को घेर लिया गया। सुरक्षाबलों ने उसे पकड़ने के लिए पहले आत्मसमर्पण का अवसर दिया और वीडियो कॉल के जरिए बातचीत भी की, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। बातचीत के दौरान उसने कहा कि वह खुश है और उसे अल्लाह से मिलना है।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस की ओर से उसे समझाने की कोशिश की गई। एक अधिकारी ने वीडियो कॉल पर कहा कि वह सरेंडर कर दे, सुरक्षाबल उसके साथ हैं। इसके बावजूद लतीफ भट अपनी बात पर कायम रहा। इलाके में दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी की सूचना है। सुरक्षाबलों की प्राथमिकता उसे जिंदा पकड़ने की है।
अजान से पहले सुरक्षाबलों ने की घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के देवसर क्षेत्र स्थित जांगलपोरा गांव में तलाशी अभियान शुरू किया। मस्जिदों में सुबह की नमाज के लिए अजान होने से कुछ समय पहले अभियान के दौरान आतंकियों की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। लतीफ भट को बाहर निकलने का रास्ता नहीं देने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जा रही है।
11 नवंबर के CRPF हमले से जुड़ा है नाम
लतीफ भट का नाम 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में सामने आया था। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की तलाश में जुटी थीं। इस मामले में सोमवार को लारू बाईपास क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार को मुठभेड़ में मार गिराया था। बताया जाता है कि उस दौरान लतीफ भट भी मौके पर मौजूद था, लेकिन वह सुरक्षाबलों को चकमा देकर निकल गया था।
उमर निसार डार ने दी थी छह महीने तक पनाह
अधिकारियों के मुताबिक, उमर निसार डार ने लतीफ भट को करीब छह महीने तक अपने ठिकाने पर शरण दी थी। उसे अन्य जरूरी मदद भी उपलब्ध कराई गई थी। जांच में यह बात भी सामने आई कि दोनों ने सीआरपीएफ चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। सोमवार को डार के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाश अभियान जारी रखा। इसी दौरान बुधवार को लतीफ भट की लोकेशन का पता चला और उसे घेर लिया गया।
पहले ब्रेड बनाने का काम करता था डार
उमर निसार डार के बारे में अधिकारियों ने बताया कि वह पहले ब्रेड बनाने का काम करता था। उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना भी दी थी। बाद में वह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट के संपर्क में आया और कथित तौर पर उसमें शामिल हो गया। फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है। लतीफ भट को आत्मसमर्पण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे अभियान पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है।
