उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 9 जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना; बिजली चमकने का भी अंदेशा

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। वहीं, 3,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। दूसरी ओर, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

इन 9 जिलों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। पर्वतीय जिलों में 3,800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

देहरादून में आंशिक बादल, 31 डिग्री तक रहेगा तापमान

राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम के समय कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास रहा। मौसम विभाग ने देहरादून के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है।

हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से चोटियों ने ओढ़ी सफेद चादर

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बीते दिनों मौसम का बदला मिजाज देखने को मिला। चमोली जिले में स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी हुई। इससे गुरुद्वारा परिसर, लक्ष्मण मंदिर और आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। कपाट बंद होने के ठीक पहले हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र में खूबसूरत नजारा देखने को मिला। बर्फ से ढकी चोटियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं, निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ने का असर महसूस किया गया। मौसम में संभावित बदलाव के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को स्थानीय मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने और बारिश-बर्फबारी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *