उपशीर्षक: पर्व के अवसर पर देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, पूजा-अर्चना के साथ किया दान-पुण्य और पितरों का तर्पण।
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही हर की पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान करने वालों का पहुंचना शुरू हो गया। अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान भी दिया।
पितरों की शांति के लिए किया तर्पण
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवार को पड़ने वाली अमावस्या का विशेष महत्व होता है। इस दिन गंगा स्नान, दान और पितरों के निमित्त तर्पण-पिंडदान करने की परंपरा है। इसी आस्था के चलते कई श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे और विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम
श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। भीड़ का दबाव बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी रखी गई।
कुंभ कार्यों के बीच घाटों पर स्नान की व्यवस्था
हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियों के तहत विभिन्न निर्माण कार्य जारी हैं। हर की पैड़ी क्षेत्र में अस्थायी पुलों के निर्माण के चलते गंगा के प्रवाह पर कुछ असर पड़ा है, हालांकि घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध बताया गया। ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, सोमवती अमावस्या पर स्नान और दान का विशेष पुण्य फल माना जाता है।
