सिकरोड़ा गांव के पास आम के बाग में गोकशी की तैयारी की मिली थी सूचना, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

हरिद्वार। जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोकशी की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

भगवानपुर कोतवाली पुलिस मंगलवार रात क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी चल रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छोटू अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की योजना साथी के पहुंचने के बाद गोकशी की घटना को अंजाम देने की थी। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने मौके पर दबिश दे दी।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है।

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के दौरान आरोपी का साथी कालू मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। वहीं, पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और गो तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

एसपी देहात ने दी कार्रवाई की जानकारी

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फरार साथी की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *