भाजपा विधायक के बयान को कांग्रेस ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, हरक बोले- आर्थिक मदद का मतलब न्याय की लड़ाई खत्म करना नहीं
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। लैंसडाउन के भाजपा विधायक दिलीप रावत की ओर से अंकिता के परिवार को सरकारी अनुदान वापस करने की बात कहे जाने पर कांग्रेस ने भाजपा को घेर लिया है। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाए हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा विधायक का यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को जो आर्थिक सहायता मिली, उसमें केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रदेश के आम लोगों का भी योगदान रहा है। ऐसे में सहायता राशि लौटाने की बात करना पीड़ित परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश की जनता ने लगातार आवाज उठाई है। कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर भी लोगों ने आंदोलन और संघर्ष किया, जिसके बाद सरकार को सीबीआई जांच की संस्तुति करनी पड़ी। उन्होंने सवाल किया कि क्या परिवार को आर्थिक सहायता देने के बाद उससे न्याय की मांग छोड़ देने की उम्मीद की जा रही है? उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी की जिंदगी और उसके साथ हुई घटना की कीमत पैसों से नहीं लगाई जा सकती। सरकार की ओर से दी गई सहायता का यह अर्थ नहीं है कि अंकिता के मामले में सवाल उठाने बंद कर दिए जाएं। हरक सिंह ने कहा कि सरकारी अनुदान जनता का पैसा है, किसी नेता की निजी संपत्ति नहीं। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी भाजपा विधायक के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपनी बेटी खोई है, उसे न्याय दिलाने के बजाय आर्थिक सहायता लौटाने की सलाह देना संवेदनहीनता को दर्शाता है।
लालचंद शर्मा के मुताबिक, सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक मदद पीड़ित परिवार को मुश्किल समय में राहत पहुंचाने के लिए होती है। इसे किसी एहसान के तौर पर पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सहायता राशि स्वीकार करने से परिवार का न्याय मांगने का अधिकार खत्म नहीं हो जाता।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में पहले से ही राजनीतिक माहौल गर्म है। अब अनुदान वापसी के बयान ने भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग और कथित वीआईपी से जुड़े सवालों को लेकर उनकी आवाज उठती रहेगी।
