रुद्रपुर में दो अलग-अलग वारदातों से हड़कंप, कहीं सिक्योरिटी गार्ड की हत्या तो कहीं बेटे पर जानलेवा हमला

रेशमबाड़ी में शराब के नशे में विवाद के बाद चाकूबाजी, एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल। इंदिरा कॉलोनी में पिता पर बेटे को लोहे के सरिये से पीटने का आरोप।

रुद्रपुर में अलग-अलग घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेशमबाड़ी इलाके में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को टोकने पर विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई। हमले में एक सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय लीलाधर निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। ड्यूटी खत्म कर घर लौटने के दौरान उनके भांजे राहुल का कुछ युवकों से विवाद हो गया। युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। राहुल ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर लीलाधर मौके पर पहुंचे और भांजे को बचाने लगे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में राहुल, रामअवतार और अनुज भी घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।

पिता पर बेटे को सरिये से पीटने का आरोप

वहीं, इंदिरा कॉलोनी में एक अन्य घटना में पिता-पुत्र का विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि सुरेश ने अपने बेटे अनिल के सिर पर लोहे के सरिये से कई वार किए। हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर तीन गहरे घाव आए हैं और निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात में इस्तेमाल सरिया भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कार्रवाई की जा रही है। चाकूबाजी के आरोपियों और फरार पिता की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *